कांग्रेस : फ्लॉप रैली के कारण लगा रहे आरोप

0
152
चंडीगढ़, द अपील न्यूज ब्यूरो   
बचाव में आई पंजाब सरकार ने भाजपा के सभी आरोपों को नकार दिया है। सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री डॉ. राजकुमार वेरका ने कहा कि फ्लॉप रैली के कारण यह आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पीएम की सुरक्षा में दस हजार सुरक्षाबल तैनात थे। एसपीजी के अनुसार ही पीएम को सुरक्षा दी गई थी। हुसैनीवाला तक सड़क मार्ग से जाने का रूट नहीं था। वहीं सीएम चन्नी ने शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुला ली है। संभवत: वे इस मुद्दे पर सरकार का पक्ष रख सकते हैं।

पंजाब से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली रद्द हो जाने और उसके कारणों पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है कि यह छोटा सा ट्रेलर मोदी और भाजपा के वर्करों को पंजाब आने पर दिखाया गया है। बिट्टू ने ट्वीट किया- पंजाब के वारिस, माताओं और बहनों ने जो सर्दी, बारिश व आंधी सवा साल तक दिल्ली की सीमाओं पर बैठकर अपने जिस्म पर झेली, ईश्वर ने उसका छोटा से ट्रेलर मोदी और भाजपा वर्करों को पंजाब आने पर आज दिखाया है। यह जैसे-जैसे पंजाब की तरफ बढ़ेंगे, इनके किए जुल्मों का परमात्मा हिसाब करेगा।

सुरक्षा कारणों से फिरोजपुर में प्रधानमंत्री की रैली रद्द होने के बाद पंजाब भाजपा ने सरकार की मंशा पर कई सवाल खड़े किए हैं। मोदी की सुरक्षा को लेकर बरती गई लापरवाही पर भाजपा की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से इस्तीफा मांगा गया है। पंजाब के पार्टी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब आकर यहां की जनता को परियोजनाओं का तोहफा देना चाहते थे। इन परियोजनाओं से पंजाब सहित हिमाचल प्रदेश और हरियाणा, चंडीगढ़ को लाभ होना था, लेकिन पंजाब सरकार इन परियोजनाओं को शुरू नहीं कराना चाहती थी। यही वजह रही कि प्रधानमंत्री को कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंचने दिया गया। सरकार के द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को सुरक्षा तक नहीं दी गई। इस लापरवाही के लिए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को इस्तीफा देना दे देना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here