लुधियाना के साहनेवाल एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू, CM मान फ्लाइट को दिखाएंगे हरी झंडी

0
81

लुधियाना | साहनेवाल एयरपोर्ट से बुधवार से उड़ानें फिर शुरू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान एयरपोर्ट को ऑपरेशनल कराएंगे। इस संबंध में उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी है। मुख्यमंत्री हिंडन (गाजियाबाद) के लिए फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आज लंबे समय से की जा रही मांग पूरी होने जा रही है। साहनेवाला हवाई अड्‌डे से दिल्ली-NCR के लिए फ्लाइट दोबारा शुरू हो रही है। कोरोना काल में उड़ानें बंद की गई थी, जो अब जाकर शुरू की जा रही हैं।

एयरपोर्ट को ऑपरेशनल करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भगवंत मान के अलावा अन्य मंत्री और नेता भी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट स्टाफ की ओर से सभी आवश्यक कामकाज को पूरा कर लिया गया है।

इससे पहले राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने बताया कि उक्त फ्लाइट का एक तरफ का किराया 3148 रुपए रहेगा, जोकि दिल्ली-लुधियाना फ्लाइट के लिए वाजिब है। सांसद अरोड़ा खुद भी हिंडन से लुधियाना के लिए रवाना होंगे। साहनेवाल तक इस शुरुआती उड़ान में केंद्रीय शहरी हवाबाजी राज्य मंत्री रिटायर्ड जनरल वीके सिंह मुख्य अतिथि होंगे।

सांसद अरोड़ा ने बताया कि यह फ्लाइट सोमवार से शुक्रवार 5 दिन उड़ान भरेगी। अक्टूबर के अंत से पूरे सप्ताह के लिए उड़ान भरने लगेगी। 10 सितंबर 2023 से हिंडन को भी बठिंडा से जोड़ दिया जाएगा। हलवारा इंटरनेशनल हवाई अड्डे का काम जल्द पूरा होने वाला है, जिसके बाद वहां से भी फ्लाइट सुविधा शुरू होंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here