चंडीगढ़
पंजाब में किसान आंदोलन के समर्थन में अवार्ड वापसी के बाद इस्तीफे का सिलसिला जारी हो गया है। पंजाब के डीआईजी जेल लखविंदर सिंह जाखड़ ने अपना इस्तीफा पंजाब सरकार को भेजा है। किसानों के समर्थन में इस्तीफे के पेशकर कर लखविंदर सिंह जाखड़ सुर्खियों में आ गए हैं। इस्तीफे की वजह उन्होंने कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को समर्थन को बताया है। एडीजीपी (जेल) पीके सिन्हा ने बताया कि उनके इस्तीफे की एक कॉपी मुझे भी मेल की है।
कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के आंदोलन के समर्थन में पंजाब के डीआइजी जेल लखविंदर सिंह जाखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। लखविंदर सिंह जाखड़ भ्रष्टाचार के मामले में सस्पेंड चल रहे थे। हालांकि अब वह बहाल हो चुके थे। उनके इस्तीफे की पुष्टि एडीजीपी जेल पीके सिन्हा ने की है।
जाखड़ पिछले दिनों एक भ्रष्टाचार के मामले में सस्पेंड हुए थे। उन पर कोविड के दौरान पट्टी जेल से पैसे लेेने का आरोप है। जाखड़ के खिलाफ आइजी रूप कुमार ने जांच की थी, जिसमें वह दोषी पाए गए थे। इसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। उन्हें 15 दिन पहले ही बहाल किया गया था। वहींं, उच्चस्तरीय सूत्र बताते हैंं कि जब किसी अधिकारी पर भ्रष्टाचार का केस चल रहा हो तो ऐसी स्थिति में इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जा सकता। पीके सिन्हा का कहना है कि इस मामले में अभी वो कुछ नहीं कह सकते।