धीरज गर्ग / नीरज मंगला
पटना । बिहार में फिर से नीतीशे कुमार… बिहार चुनावों में एनडीए की बढ़त के साथ ही भाजपा में जश्न का माहौल है। दरभंगा के केवटी से राजद के कद्दावर नेता अब्दुल बारी सिद्दकी चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के मुरारी झा ने हराया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई वाली एनडीए बिहार चुनावों में जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। राजद सुप्रीमो लालू यादव रांची के रिम्स में लॉन में बैठकर धूप सेंक रहे हैं। जबकि उनके करीबी भोला यादव चुनाव नतीजों में पीछे चल रहे हैं। लालू के छोटे बेजे तेजस्वी यादव बिहार में राघोपुर सीट से आगे चल रहे हैं।
इधर बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। बॉलीवुड एक्टर शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा बांकीपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। दानापुर से राजद के रीतलाल यादव आगे चल रहे हैं। अबतक की शुरुआती रुझानों में 126 पर एनडीए और 107 पर महागठबंधन के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। बाहुबली अनंत सिंह मोकामा सीट से आगे चल रहे हैं। पप्पू यादव मधेपुरा में और राजद के अब्दुल बारी सिद्दकी पीछे चल रहे हैं। नीतीश सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह और संतोष कुमार निराला अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।
सुपौल विधानसभा की सीट प्रदेश राजनीति में हाॅट सीट मानी जाती है। इस क्षेत्र का नेतृत्व विगत तीस वर्षों से लगातार विजेंद्र प्रसाद यादव के हाथ में रहा है। सात चुनाव जीतने के बाद उन्होंने आठवीं बार बाजी मारी है। उन्होंने साबित कर दिया कि मतदाताओं ने उन्हें सिर आंखों पर बिठाया। 1990 में वे पहली बार विधायक चुने गए। अब तक हर चुनाव इन्हें जीत का सेहरा मिलता रहा। इस चुनाव वे आठवीं बार वे अपना भाग्य आजमा रहे थे। टक्कर आमने-सामने का था। महागठबंधन की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी मिन्नतुल्लाह रहमानी उर्फ मिन्नत रहमानी चुनाव मैदान में डटे हैं। हालांकि इस सीट पर लोजपा ने भी अपना प्रत्याशी खड़ा किया है। जिससे शुरुआती क्षणों में मुकाबले को त्रिकोणात्मक बनाने का प्रयास किया गया लेकिन स्थिति आमने-सामने पर आकर ही खड़ी हो गई। इस क्षेत्र से कुल 11 प्रत्याशी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे थे।
2:50 PM: अब तक 19 सीटों के नतीजे आए, 14 एनडीए, 5 राजद के खाते में
अब तक 19 सीटों के नतीजे आए हैं, जिनमें 14 एनडीए, 5 राजद के खाते में गए। परसा से जदयू के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव के ससुर और लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय पीछे चल रहे हैं। जमुई से श्रेयसी सिंह आगे चल रही हैं। शुरुआती रुझानों में एनडीए और महागठबंधन में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांटे की टक्कर में फंसे बिहार के लिए मंगलवार को बड़ा फैसला आ रहा है। चुनावी नतीजे के लिए मतगणना की प्रक्रिया पूरे रौ में है। लालटेन या तीर, बिहार में किसकी सरकार होगी। तेजस्वी करेंगे अगुआई या फिर नीतीश का होगा नेतृत्व। मतगणना जारी है। वोटों की गिनती के बाद प्रत्याशियों की जीत-हार तय होगी।
2:40 PM: मधेपुरा सीट पर राजद के चंद्रशेखर दो हजार वोट से आगे
मधेपुरा के टीपी कॉलेज स्थित बज्रगृह में जिले के सभी चार विधानसभा सीट की मतगणाना हो रही है। अब तक हुए मतगणना में तीन सीट पर बिहारीगंज, आलमनगर व सिंहेश्वर पर जदयू आगे है। जबकि मधेपुरा सीट पर राजद की बढ़त है। आलमनगर के जदयू प्रत्याशी को अब तक हुए मतगणना में 31,003 मत प्राप्त हुआ है। जबकि राजद के ई.नवीन कुमार को 23,450 मत मिला है। वहीं बिहारीगंज में जदयू प्रत्याशी निरंजन मेहता को अब तक 27,175 मत प्राप्त हुआ है। जबकि कांग्रेस के सुभाषिनी बुंदेला को 25,956 मत मिला है। वहीं सिंहेश्वर में जदयू प्रत्याशी रमेश ऋषिदेव को 26,420 व राजद के चंद्रहास चौपाल को 17,904 मत मिला है। वहीं मधेपुरा विधानसभा में जदयू के निखिल मंडल को 18,490 व राजद के प्रो.चंद्रशेखर को 18,330 मत मिला है।
2:30 PM: सीतामढ़ी सीट पर भाजपा जीत के करीब पहुंची, अंतिम राउंड में आगे
सीतामढ़ी में एनडीए सबसे पहले खाता खोलने के करीब पहुंचा। यहां अंतिम राउंड में वोटों की गिनती चल रही है। फासला 10000 से अधिक का है। अब राजद के लिए यह आंकड़ा छू पाना मुश्किल लग रहा है। अगर यहां से भाजपा निकलती है तो इस जिले में यह उसकी पहली जीत होगी। यहां से भाजपा के डॉ. मिथिलेश कुमार हैं तो राजद से सुनील कुमार।
2:00 PM: भाजपा फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के निर्णय पर कायम
भाजपा बिहार में फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने के निर्णय पर कायम है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने मंगलवार को एक बार फिर कहा कि हमने नीतीश कुमार की अगुआई में चुनाव लड़ा है। वे ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे। जीत दर्ज करने के बाद नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुना जाएगा। भाजपा विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगेगी।
1:00 PM: गोपालगंज में एनडीए आगे, पिछड़ा महागठबंधन
गोपालगंज की कुचायकोट सीट पर जेडीयू के पप्पू पांडेय लगातार आगे चल रहे हैं। पप्पू पांडेय को 12491 वोट मिले, रालोसपा की सुनीता को 11211 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के काली पांडेय को 5228 वोट मिले हैं। बैकुंठपुर में 11 राउंड की मतगणना सम्पन्न हो गई है। भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी करीब 2300 वोट से निर्दलीय प्रत्याशी मंजीत सिंह से आगे चल रहे हैं। भोरे विधानसभा में जदयू के सुनील कुमार 5 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। सुनील कुमार को 12259 वोट मिले हैं। महागठबंधन के माले प्रत्याशी जितेंद्र पासवान को 6963 वोट मिले हैं।
12:50 PM: हसनपुर विधानसभा रिजल्ट : लालू के बेटे तेज प्रताप यादव 2265 मतों से आगे
समस्तीपुर के हसनपुर सीट से आठवें राउंड के मतों की गिनती में समस्तीपुर जिले की हसनपुर विधानसभा में राजद के तेज प्रताप यादव आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक कुल 18867 मत मिले है। जदयू के राज कुमार राय पीछे चल रहे है। उन्हें अब तक कुल 16602 मत प्राप्त हुआ है।
12:30 PM: भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनने की ओर
बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनने की ओर अग्रसर है। अबतक बीजेपी 75 सीटों पर बढ़त बना चुकी है। जबकि राजद उम्मीदवार भी भी 60 सीटों पर आगे चल रहे हैं। जदयू को अभी 50 सीटों पर बढ़त मिली हुई है।