पंजाब का बच्चा-बच्चा भगवंत मान सरकार से दुःखी, पंजाब में विकास ठप्प: अश्वनी शर्मा

0
128

पंजाब के इतिहास में पहले बार ऐसा हुआ कि पीसीएस और आईएएस अधिकारियों ने सरकार के विरुद्ध खोला है मोर्चा, पंजाब सरकार के लिए सबसे शर्मनाक: शर्मा

पंजाब सरकार की राज्य विरोधी नीतियों के कारण पंजाब के बड़े उद्योगपति व पूंजीपति दूसरे राज्यों में कर रहे हैं निवेश: अश्वनी शर्मा

पंजाब के थर्मल प्लांट बंद होने की कगार पर, चंद दिनों का बचा है कोयला: शर्मा

नई नौकरियां तो क्या देनी थीं, पुराने कर्मचारियों को भी जबरन सेवानिवृत्त करने की तैयारी में भगवंत मान सरकार: अश्वनी शर्मा

रविप्रीत सिद्धू ने अश्वनी शर्मा व अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में संभाला जिलाध्यक्ष का पदभार

धीरज गर्ग, बठिंडा

पंजाब में भगवंत मान सरकार बनने के बाद 9 महीने में पंजाब में गुंडे, गैंगस्टर और देश विरोधी ताकतों का राज हो गया है। खुलेआम फिरौतीयां मांगी जा रही हैं और फिरौती न देने वालों की हत्याएं की जा रही हैं। सरेआम लूटपाट हो रही है। यह बातें भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने बठिंडा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। शर्मा ने कहा कि बड़े दुःख की बात है कि फगवाड़ा में लुटेरों ने हमारे एक जांबाज पुलिसकर्मी की हत्या कर दी, लेकिन पंजाब सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के थर्मल प्लांट बंद होने के कगार पर हैं, क्योंकि उनके पास चंद दिनों का ही कोयला बचा है।
आज जिला बठिंडा ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष रविप्रीत सिंह सिद्धू के ताजपोशी समागम में भाग लेने के लिए भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा बठिंडा पहुंचे। जहाँ उनके साथ प्रदेश महासचिव बिक्रमजीत सिंह चीमा, गुरप्रीत सिंह कांगड़, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना, दयाल सिंह सोढ़ी, जगदीप सिंह नकई, प्रदेश मीडिया सचिव सुनील सिंगला, बठिंडा ग्रामीण के प्रभारी प्रदीप गर्ग आदि भी उपस्थित थे। सभी नेताओं ने श्री दमदमा साहिब गुरुद्वारा में नतमस्तक होकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर जिलाध्यक्ष रविप्रीत सिंह सिद्धू व जिले के पदाधिकारियों ने फूलमालाओं, गुलदस्तों व दोशाला देकर उनका स्वागत किया।
अश्वनी शर्मा ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि पंजाब सरकार लोगों की जान-माल की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गुंडे, गैंगस्टर और देश विरोधी ताकतों के हौंसले इतने बढ़ गए हैं कि खुलेआम फिरौतीयां मांगी जा रही है और फिरौती न देने वालों की हत्या कर दी जाती है। भगवंत मान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। इस सरकार का खामियाजा पंजाब के बच्चे भुगत रहे हैं। पंजाब के उद्योगपति पंजाब से अपना निवेश निकालकर दूसरे राज्यों में निवेश कर रहे हैं, जो पंजाब के लिए बहुत बड़ी खतरे की घंटी है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार ने अपने वादों के मुताबिक नई नौकरियां तो दी नहीं, उल्टा पुराने कर्मचारियों को भी जबरन रिटायर किया जा रहा है, जिसका भारतीय जनता पार्टी विरोध करती है। उन्होंने कहा कि पंजाब के इतिहास में शायद यह पहला मौका है, जब राज्य सरकार के पीसीएस और आईएएस अधिकारियों ने अपनी ही राज्य सरकार के खिलाफ ही मोर्चा खोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अराजकता का माहौल है।
अश्वनी शर्मा ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने मस्तुआना (संगरूर) में विवादित जमीन पर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया और घोषणा की कि इस कॉलेज में कक्षाएं 2023 में शुरू होंगी, जबकि इस विवादित जमीन का मामला 1987 से कोर्ट में चल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने आगामी नगर निगम चुनावों और पंजाब के लोकसभा चुनावों में भाजपा को जिताने का मन बना लिया है और नगर निगम चुनावों में भाजपा जनसमर्थन से प्राप्त भारी बहुमत से विजय प्राप्त होगी।
अश्वनी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को उठाएं, अगर सरकार नहीं सुनती है तो जनता को साथ लेकर पंजाब सरकार के विरुद्ध विरोध-प्रदर्शन करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा किए गए जनहितैषी कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पंजाब को कर्ज के दलदल से सिर्फ भाजपा ही निकाल सकती है। उन्होंने पंजाब के लोगों से पंजाब की निकम्मी आम आदमी पार्टी की सरकार को हटाने के लिए भाजपा का सहयोग करने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here