पंजाब गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित की राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की चेतावनी से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पंजाब में डेढ़ साल से सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष प्रिंसिपल बुधराम ने कहा है कि गवर्नर की इस धमकी से भाजपा का पंजाब से जुड़ा एजेंडा सामने आ गया है। चुनाव में बुरी तरह हार का सामना करने वाली BJP अब गवर्नर के जरिये पिछले दरवाजे से सत्ता हासिल करके पंजाब को अस्त-व्यस्त करना चाहती है लेकिन राज्य के लोग कभी ऐसा नहीं होने देंगे।

बुधराम ने कहा कि देश के किसी राज्य में अगर राष्ट्रपति शासन लागू करना ही है तो वह मणिपुर में किया जाना चाहिए। जहां भाजपा के शासनकाल में महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाकर देश को दुनिया में शर्मसार किया गया। आम आदमी पार्टी पंजाब में किसी कीमत पर राष्ट्रपति शासन लागू नहीं होने देगी।

AAP नेता ने कहा कि ड्रग के मुद्दे पर भगवंत मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार ने जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी अपना रखी है। आम आदमी पार्टी का कोई वर्कर, पदाधिकारी, विधायक या मंत्री नशे का समर्थन नहीं करता। सीएम भगवंत मान ने प्रदेश को नशामुक्त बनाकर रंगला पंजाब बनाने का विजन रखा है। पूरी पार्टी और सरकार इस विजन को साकार करने में जुटी है।

लुधियाना में रायकोट में AAP विधायक के पीए की पत्नी के नशा बेचने संबंधी वीडियो पर बुधराम ने कहा कि चाहे कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले की भी जांच करवाई जा रही है। दूध का दूध और पानी का पानी किया जाएगा।

इससे पहले AAP नेता प्रिंसिपल बुधराम ने फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारे में माथा टेगा। उन्होंने फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखवीर सिंह राय के दफ्तर में AAP वर्करों के साथ मीटिंग कर उन्हें पंजाब सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने के लिए कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here