नई दिल्ली

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में ‘आप’ ने तमाम वादे किए हैं, साथ ही 10 गारंटी भी ली है। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने भाजपा को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि अब भाजपा और आप, दोनों का मेनिफेस्टो जारी हो चुका है। अब भारतीय जनता पार्टी कल दोपहर एक बजे तक अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा करे। मैं उनके मुख्यमंत्री उम्मीदवार से बहस करना चाहता हूं, क्योंकि जनतंत्र में बहस जरूरी है।

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा बताए कि उनका मुख्यमंत्री चेहरा कौन है, इसके बाद दिल्ली की जनता और मीडिया के सामने बहस होगी। उन्होंने कहा कि बहस के लिए भाजपा अपनी पसंद के एक संचालक का चुनाव कर ले और एक संचालक हमारी पसंद का हो। फिर उनके सामने बहस की जाएगी।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता का दिया गया हर एक वोट सीधे मेरे पास आता है, लेकिन अमित शाह ऐसा नहीं चाहते। वो चाहते हैं कि दिल्ली की जनता उन्हें ‘ब्लैंक चेक’ दे दे और वो उसमें मुख्यमंत्री का नाम भर दें।

शाह चाहते हैं कि दिल्ली की जनता उन्हें चुने और फिर वो मुख्यमंत्री को चुनें। लोकतंत्र में अमित शाह को यह अधिकार नहीं मिल सकता। अगर भाजपा अब भी अपने उम्मीदवार का नाम नहीं बताती है तो कल फिर से केजरीवाल मीडिया से बातचीत करेंगे।

केजरीवाल ने यह भी कहा कि दिल्ली की बुनियादी मुद्दों को ठीक करने में पिछले पांच साल बीते। अब दिल्ली को ऐसा विकसित राज्य बनाना है जिसपर दिल्लीवासियों को गर्व हो। इसके लिए केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों को मिलकर काम करना होगा। हमारे मेनिफेस्टो में हर वर्ग के लोगों को शामिल किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here